सीधी में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों पर टूटा संकट, फसलों को भारी नुकसान
सीधी जिला। जिले के रामपुर नैकिन और कधवार तहसील क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं ने महज एक घंटे में किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसलों को भारी क्षति पहुंची है, जिससे ग्रामीण इलाकों में चिंता का माहौल है।
Sidhi News:- स्थानीय किसानों के अनुसार ओलावृष्टि से सबसे अधिक नुकसान सरसों की फसल को हुआ है। तेज ओलों के कारण सरसों की फलियां टूटकर जमीन पर गिर गईं, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका है। मटर की फसल भी तेज हवाओं की चपेट में आकर बिछ गई है, वहीं चने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

किसान रामजी शुक्ला ने बताया कि उन्होंने दो एकड़ में चना और सरसों की खेती की थी, जो लगभग पूरी तरह बर्बाद हो गई है। साथ ही आधा एकड़ में लगी मटर की फसल भी नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि एक घंटे के मौसम ने उनकी सारी उम्मीदें तोड़ दीं। इसके अलावा आम के बागानों में भी छोटे फल झड़ने से आम की पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है।
Sidhi News:- इस संबंध में कृषि विभाग के उप संचालक डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यदि मौसम इसी तरह बिगड़ा रहा, तो फसलों पर और गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।






