रीवा में श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा पर विवाद, कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने
Rewa News:- पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी की जयंती पर उनकी प्रतिमा लगाने की तैयारी अब विवादों में फंस गई है। प्रतिमा स्थापना को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति निर्मित हो गई है।
दरअसल, नगर निगम प्रशासन जिस स्थान को एसएफ चौराहा बता रहा है, पुलिस विभाग उसे पुलिस लाइन चौराहा मानता है। इसी असहमति के बीच मंगलवार को प्रतिमा लगाने का काम रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि बीते दस दिनों से चौराहे पर निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन अचानक पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काम पर रोक लगा दी।
कांग्रेस का कहना है कि प्रतिमा को 17 सितंबर को श्रीनिवास तिवारी की शताब्दी वर्षगांठ पर अनावरण किया जाना था। तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अब इस रोक से कार्यक्रम अधर में लटक गया है।
Rewa News:- महापौर अजय मिश्रा बाबा ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि जिस स्थान पर प्रतिमा लगनी है, वहां नगर निगम लगातार काम करवा रहा था। लेकिन आखिरी समय में पुलिस प्रशासन ने हस्तक्षेप कर काम बंद करा दिया।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रतिमा हर हाल में स्थापित की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि चाहे कितने भी अवरोध डाले जाएं, लेकिन कांग्रेस प्रतिमा लगाने से पीछे नहीं हटेगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और कांग्रेस के बीच यह विवाद किस दिशा में जाता है और क्या श्रीनिवास तिवारी की शताब्दी पर उनकी प्रतिमा का अनावरण संभव हो पाएगा या नहीं।