सेमरिया में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: भगवान राम की मनमोहक झांकी ने मोहा मन
सीधी/सेमरिया: सीधी जिले के सेमरिया अंचल में शारदीय नवरात्र का पर्व इस वर्ष अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की भव्य और सजीव झांकी ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।

हनुमान मंदिर से गूंजा ‘जय श्री राम’ का उद्घोष
भक्ति का यह कारवां हनुमान मंदिर (गढ़ी) से शुरू हुआ। मंदिर के पुजारी राम लखन दास द्वारा विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना के बाद झांकी को रवाना किया गया। झांकी में प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और संकटमोचन हनुमान जी के अलौकिक स्वरूपों के दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। डीजे और बैंड-बाजे की मधुर धुनों पर हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए।
पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत, प्रमुख मार्गों पर रही रौनक
शोभायात्रा सेमरिया चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर प्रभु का अभिनंदन किया। झांकी की सुंदरता और जीवंतता ऐसी थी कि हर कोई ठिठक कर दर्शन करने को मजबूर हो गया। आयोजन में नगर के साथ-साथ ग्रामीण अंचल से भी भारी जनसैलाब उमड़ा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम को भव्य बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं की टोली का विशेष योगदान रहा।
झगरहा तिराहे पर महाआरती के साथ समापन
पूरी शोभायात्रा पूर्णतः अनुशासित और सुरक्षित माहौल में निकाली गई। अंततः झगरहा तिराहे पर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ, जहाँ भव्य आरती की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन, थाना प्रभारी और पुलिस बल सहित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
शोभायात्रा में मुख्य रूप से:
उमेश तिवारी,प्रभात वर्मा,दिनेश गुप्ता, राजीव लोचन सोनी,बाबूलाल विश्वकर्मा, मनोज कोल पूर्व सरपंच पति झगरहा,रामजी गुप्ता (अध्यक्ष, युवा संघ) प्रवीण तिवारी इनके साथ सेमरिया व्यापारी संघ के पदाधिकारी, सैकड़ों युवा और गणमान्य नागरिक सक्रिय रूप से शामिल रहे।
रिपोर्ट: कुबेर तोमर






