सीधी में प्रशासन का बड़ा एक्शन!गैस की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं
सीधी में गैस गोदाम और पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बिना किसी व्यवधान के एलपीजी उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए ...
सीधी में गैस गोदाम और पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बिना किसी व्यवधान के एलपीजी उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर जिले के गैस गोदामों, गैस वितरण केंद्रों और पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस के भंडारण, वितरण व्यवस्था और उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी तय किया है कि अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही एलपीजी रिफिल की बुकिंग स्वीकार की जाएगी, ताकि वितरण व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रहे। साथ ही गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सुखेजा फिलिंग, गंगा फ्यूल, विजय फिलिंग समेत प्रताप गैस एजेंसी, लीना गैस एजेंसी और शिव शक्ति गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस का संग्रहण न करें। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।