Bahari News:- बहरी में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, पुराने विवाद और भ्रमित प्रचार से गरमाया मामला
सीधी। जिले के बहरी क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। वीडियो सामने आते ही इलाके में चर्चाओं का माहौल बन गया है, वहीं पीड़िता ने पूरे मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता हेमा सिंह, पति रघुवंश प्रताप सिंह, निवासी भनवार बताई जा रही हैं, जो बहरी बाजार में गोमती और ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। जानकारी के अनुसार, इससे पहले देर रात उनकी गोमती और ठेला हटवा दिए जाने की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत बहरी थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेला अब तक बरामद नहीं हो सका है।
इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे बहरी बाजार में महिला के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
Bahari News:- मामले में एक और पहलू सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा घटना से जुड़े व्यक्ति को राजनीतिक रूप से जोड़कर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। स्पष्ट किया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति न तो सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक का करीबी है और न ही किसी राजनीतिक दल का अधिकृत कार्यकर्ता। बताया गया है कि वह पेशे से पत्रकार है और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, जिन्हें आधार बनाकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
Bahari News:- घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं—विवाद की शुरुआत कैसे हुई, बाजार में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव क्यों नहीं किया और वीडियो बनाने वाले का उद्देश्य क्या था। फिलहाल पीड़िता न्याय की मांग कर रही है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच व तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।






