देवसर–चितरंगी चौराहे पर ऑटो चालकों का अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था हुई बदहाल
देवसर–चितरंगी मुख्य चौराहे पर ऑटो चालकों द्वारा सड़क पर किए जा रहे अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आए दिन ऑटो चालक मनमाने ढंग से चौराहे पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ऑटो चालक इस व्यस्त चौराहे को अपनी स्थायी पार्किंग समझ बैठे हैं।
Devsar News:- प्रतिदिन यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में दिक्कत होती है।
स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों का कहना है कि ऑटो चालकों द्वारा यातायात नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कई बार समझाने पर भी चालक बहस करने लगते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।
Devsar News:- नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे के पास ऑटो स्टैंड के लिए एक निश्चित स्थान तय किया जाए और सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या पर ठोस कदम उठाकर आम जनता को राहत देता है।






