Health Tips:- क्या पकाने से पहले चिकन धोना सही है? परंपरा बनाम विज्ञान की बहस
क्या आप चिकन पकाने से पहले उसे धोते हैं? यह सवाल आज सोशल मीडिया पर तीखी बहस का विषय बना हुआ है।
पश्चिमी देशों में खाद्य सुरक्षा एजेंसियों की साफ सलाह है कि कच्चे चिकन को नहीं धोना चाहिए, क्योंकि इससे खतरनाक बैक्टीरिया रसोई में फैल सकते हैं। इसके उलट एशिया, कैरेबियन, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका समेत कई संस्कृतियों में चिकन धोना साफ-सफाई और देखभाल की पारंपरिक आदत मानी जाती है।
जमैका की टीवी शेफ और लेखिका अप्रैल जैक्सन मानती हैं कि वह जानबूझकर अपने वीडियो में चिकन धोते हुए क्लिप दिखाती हैं, क्योंकि यह लोगों की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है। वहीं मोरक्कन पृष्ठभूमि की कंटेंट क्रिएटर फ़दवा हिलिली कहती हैं कि बिना धोया चिकन खाने का विचार कई लोगों को असहज करता है, और इसी वजह से ऑनलाइन टिप्पणियों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं।
लेकिन विज्ञान इस पर क्या कहता है? बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की पड़ताल में सामने आया कि कच्चे चिकन में सैल्मोनेला और कैंपिलोबैक्टर जैसे बैक्टीरिया पाए जाते हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग के फूड माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. किमोन करात्ज़स के अनुसार, चिकन धोने पर पानी की महीन छींटें बनती हैं, जो इन बैक्टीरिया को सिंक, किचन सतहों और आसपास रखे खाने तक पहुंचा देती हैं।
Health tips:- एक प्रयोग में यूवी लाइट के जरिए दिखाया गया कि धोते समय बैक्टीरिया काउंटर, कपड़ों और यहां तक कि कच्ची सब्जियों तक फैल गए। इसका मतलब यह है कि भले ही चिकन अच्छी तरह पक जाए, लेकिन दूषित सतहों पर रखा कच्चा खाना बीमारी की वजह बन सकता है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि चिकन को धोने के बजाय सीधे पकाया जाए और रसोई की सफाई व हाथों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि फूड पॉइजनिंग से बचा जा सके।







