संघ प्रचारक से मारपीट के बाद सड़कों पर उतरे हिंदू संगठन के कार्यकर्त
Mp news:- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में गुरुवार शाम गाड़ी टकराने को लेकर हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। फव्वारा चौक से गांधी चौक रोड पर स्थित एक दुकान के सामने आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के साथ कथित रूप से समुदाय विशेष के कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। घटना की खबर मिलते ही नगर में तनाव फैल गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी टकराने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। संघ प्रचारक के साथ हुई मारपीट की खबर शहर में तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कई स्थानों पर नारेबाजी और झूमाझटकी की घटनाएं भी सामने आईं।
Mp news:- स्थिति को संभालने के लिए एसपी और कलेक्टर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया।
घटना के बाद नगर में व्यापारियों ने एहतियातन दुकानें बंद कर दीं। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा आरोपियों को तुरंत हिरासत में न लेने से प्रदर्शनकारियों में आक्रोश फैल गया। फिलहाल, प्रशासन ने पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर बनाए रखी है।
Mp news:- अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर में शांति बनाए रखने की अपील की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।







