MP Weather: कोहरा छटते ही बढ़ी ठंड, उमरिया-रीवा सबसे सर्द, मावठी बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में कोहरे की विदाई के साथ ही ठंड के तीखे तेवर सामने आने लगे हैं। आसमान साफ होते ही उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज कराई है। स्थिति यह है कि जिन इलाकों में कोहरा नहीं है, वहां ठंड ज्यादा चुभने लगी है। प्रदेश में सबसे सर्द रात उमरिया और रीवा जिलों में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
MP Weather:- मौसम विभाग के मुताबिक उमरिया और रीवा के बाद खजुराहो में भी कड़ाके की ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में 7.9 डिग्री, नौगांव में 8.8 और सतना में 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थल पर भी पारा 9.4 डिग्री तक गिर गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री रहा, जबकि जबलपुर में यह 10.8 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं उज्जैन में रात का तापमान सबसे अधिक 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार सुबह प्रदेश के करीब 10 जिलों में मध्यम कोहरा छाया रहा। भोपाल, उज्जैन, इंदौर, राजगढ़, रतलाम, मंडला और सतना में कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में कोहरा छंट जाएगा, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।
MP Weather:- मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 10 फरवरी के बाद मध्य प्रदेश में दिख सकता है। इसके चलते कुछ हिस्सों में मावठी बारिश की संभावना जताई गई है। फिलहाल अगले 48 घंटे मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन इसके बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।






