चुरहट में नेहरू प्रतिमा तोड़ी, सिर–धड़ 2 किलोमीटर दूर मिला, पुलिस ने टेंपरेरी रूप से किया पुनःस्थापित
Sidhi news। जिले के चुरहट नगर पंचायत में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुख्य चौराहे पर लगी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति सुबह लगभग 10 बजे प्रतिमा को उखाड़कर 2 किलोमीटर दूर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के समाधि स्थल के पास ले गया और वहां फेंक दिया। घटना में प्रतिमा का सिर और धड़ अलग हो गया।
करीब 15 साल पहले नगर में स्थापित यह प्रतिमा कांग्रेस और स्थानीय लोगों के लिए आस्था और गौरव का प्रतीक रही है। घटना की खबर फैलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह तीसरी बार है जब नेहरू प्रतिमा को तोड़ा गया है, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
Sidhi News:- सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और प्रतिमा के टुकड़ों की तलाश शुरू की। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया। इसके बाद तत्काल प्रतिमा को जोड़कर टेंपरेरी रूप से उसी स्थान पर पुनःस्थापित कर दिया गया, ताकि किसी तरह का विवाद या तनाव न बढ़ सके।
Sidhi News:- नगर पंचायत के समाजसेवी विजय गुप्ता ने कहा कि प्रतिमा पर बार-बार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। यदि सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाएँ दोहराई नहीं जातीं।
थाना प्रभारी चुरहट दीपक बघेला ने बताया कि यह घटना एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की करतूत है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर प्रतिमा को बरामद कर दिया है और लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।