कक्षा 9 वीं से 12वीं तक के समस्त छात्रावासों में होगा ऑनलाइन प्रवेश सत्र 2026-27
सीधी 21 मार्च 2026
जिले में स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय के अधीन संचालित कक्षा 9वीं से 12वीं तक के समस्त छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री पवन कुमार सिंह ने सभी संबंधित प्राचार्यों एवं वार्डनों को निर्देशित किया है कि सत्र 2026-27 में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया लोक शिक्षण के निर्देशानुसार समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सहायक संचालक श्री ओशो उत्सव (एडीपीसी) को प्रवेश प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में बालक एवं बालिका, मॉडल स्कूल सीधी (खजुरी) में बालक तथा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल टमसार, टिकरी, कन्या रामपुर नैकिन, सेमरिया एवं अमिलिया के बालिका छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण 17 मार्च से 28 मार्च 2026 के मध्य नियमानुसार पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं में प्रावधिक प्रवेश भी दिया जा सकेगा। छात्रावास में प्रवेश हेतु आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थी स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे तथा आवेदन की प्रति संबंधित वार्डन को प्रस्तुत करेंगे, जिस पर वार्डन द्वारा पावती प्रदान की जाएगी।
छात्रावास में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी भरकर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। वार्डन द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी। इसके पश्चात ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट क्रम अनुसार रिक्त सीटों का आवंटन सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा तथा चयन सूची पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी।






