Rewa news : भैरवनाथ मंदिर में पूर्व विधायक की स्मृति में उप मुख्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण, पर्यटन विकास पर दिया जोर
Rewa news : गुढ़ (रीवा)। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को गुढ़ क्षेत्र स्थित भैरवनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर पूर्व विधायक स्व. शिवनाथ पटेल की स्मृति में वृक्षारोपण किया। यह कार्यक्रम वन विभाग की ग्राम वन समिति द्वारा आयोजित किया गया था। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा सहित समूचे विंध्य क्षेत्र में धार्मिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की भरमार है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और बनारस में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने भैरवनाथ मंदिर, रीवा के जलप्रपात, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी और संजय टाइगर रिजर्व का उल्लेख प्रमुखता से किया।
उन्होंने कहा कि भैरवनाथ मंदिर को धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। साथ ही सोलर प्लांट की सीएसआर राशि से कष्टहर नाथ, भैरवनाथ और बूढ़ीमाता मंदिर का भी विकास हुआ है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भैरवनाथ मंदिर परिसर में औद्योगिक केंद्र भी विकसित किया जा रहा है और यहां की पहाड़ी को हराभरा करने के लिए वन विभाग ने आधुनिक तकनीकों से वृक्षारोपण शुरू किया है।
विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्षों तक भगवान भैरवनाथ खुले में रहे, लेकिन अब भव्य मंदिर का निर्माण पूर्ण हो गया है। भैरवनाथ मंदिर के साथ-साथ कष्टहर नाथ मंदिर भी प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होंगे। उन्होंने गुढ़ के सोलर प्लांट को भी एक आकर्षक स्थल बताया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर गिरीश द्विवेदी, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, तहसीलदार अरुण कुमार यादव, वनमंडल अधिकारी लोकेश निरापुरे सहित लगभग 500 स्थानीय लोग मौजूद रहे है।