शहडोल में अवैध कोयला रोकने गई वन टीम पर हमला, रेंजर से मारपीट, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
शहडोल जिले के खेतावली गांव के ऊपर टोला क्षेत्र में 11 फरवरी की रात अवैध कोयला परिवहन रोकने गई वन विभाग की टीम पर कोल माफिया ने हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस को शिकायत की गई थी, लेकिन मौके पर पहले वन विभाग की टीम पहुंची, जबकि पुलिस देर से पहुंची।
Shahdol News:- डीएफओ श्रद्धा पंद्रे के अनुसार, रेंजर रामनरेश विश्वकर्मा को अवैध कोयले से भरे ट्रैक्टर को पकड़ने भेजा गया था। आरोप है कि हथियारों से लैस कोल माफिया ने रेंजर की गाड़ी रोककर उन्हें जबरन बाहर खींचा और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। किसी तरह जान बचाकर रेंजर मौके से निकल पाए।
घटना के बाद रेंजर रात करीब 11 बजे सोहागपुर थाने पहुंचे, लेकिन 24 घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। डीएफओ ने पुलिस पर माफिया का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाए और आवेदन बार-बार बदलवाया गया।
गुरुवार देर रात पुलिस ने रेंजर की शिकायत पर कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।
Shahdol News:- ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में वर्षों से अवैध कोयला परिवहन हो रहा है। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से बच्चों की जान खतरे में रहती है। जब ग्रामीणों ने विरोध किया, तो माफिया ने हथियारों के साथ धमकियां दीं।






