सीधी में 10 रुपये के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाउमीन ठेले पर चाकूबाजी, दो युवक घायल
सीधी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या महाविद्यालय के पास बुधवार को मामूली रकम को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसा में बदल गया। चाउमीन के भुगतान के दौरान 10 रुपये के फर्क पर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
Sidhi News:- मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन निवासी 19 वर्षीय अंशू पाठक अपने दोस्तों के साथ चाउमीन खाने गया था। भुगतान के दौरान उससे गलती से 20 रुपये की जगह 30 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए। जब अंशू ने अतिरिक्त 10 रुपये वापस मांगे, तो ठेला संचालक रावेन्द्र साहू से उसकी बहस हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान ठेला संचालक ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और अंशू पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
झड़प में ठेला संचालक को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद कॉलेज परिसर के आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

Sidhi News:- घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने कन्या महाविद्यालय के आसपास अवैध रूप से संचालित ठेलों पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि यहां अक्सर असामाजिक तत्वों की मौजूदगी रहती है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
फिलहाल कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






