Sidhi News:- तेज़ रफ्तार बनी हादसे की वजह, 30 फीट गहरी नहर में गिरी बाइक; बाल-बाल बचे दो युवक
Sidhi News:- सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायखोर में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से जा रही एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए करीब 30 फीट गहरी सीधी नहर में जा गिरी। बाइक पर दो युवक सवार थे, जो भितरी से रामपुर नैकिन की ओर सामान लेने जा रहे थे। गनीमत रही कि बाइक सीधे पानी में गिरी, जिससे दोनों युवकों की जान बच गई।
Sidhi News:- प्रत्यक्षदर्शी शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि घटना के समय वे मौके पर मौजूद थे। अचानक तेज गति से आती बाइक का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते वह नहर में समा गई। नहर की गहराई करीब 30 फीट होने के कारण आसपास खड़े लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और सभी को अनहोनी की आशंका सताने लगी। हालांकि पानी होने के कारण गिरने का झटका कम हो गया और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होने से बच गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित नहर से बाहर निकाला। बाद में ग्रामीणों की मदद से बाइक को भी बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक युवक की पहचान सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
Sidhi News:- रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर थाने को घटना की सूचना नहीं मिली थी। बाद में जानकारी प्राप्त हुई कि बाइक सवार दो युवक नहर में गिर गए थे। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दोनों युवक सुरक्षित हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह रही, लेकिन पानी में गिरने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। यदि यह दुर्घटना सूखी जमीन पर होती, तो परिणाम गंभीर हो सकते थे।







