Sidhi News:- मड़वास थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, एक गंभीर
Sidhi News:- मड़वास थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर जोगी पहाड़ी स्थित पेट्रोल टंकी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक पर सवार दो युवक मड़वास से अपने गांव आमगांव (कुसमी) की ओर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में राजकुमार सिंह गौड़ (उम्र 30 वर्ष), पिता लालजी गौड़, निवासी आमगांव कुसमी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
Sidhi News:- वहीं, बाइक पर सवार दूसरे युवक अजय केवट (उम्र 36 वर्ष), पिता रामचरण केवट, निवासी आमगांव कुसमी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अजय केवट के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर मड़वास पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह और प्रधान आरक्षक मुकेश मरावी ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली भिजवाया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए घायल को जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मर्ग कायम कर लिया गया है। रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







