NH-39 पर मौत की रफ्तार: तेज़ रफ्तार बोलेरो ने साइकिल सवार वृद्ध को कुचला, अस्पताल में तोड़ा दम

हाथ की दो उंगलियां नहीं होना बनी पहचान की बड़ी कड़ी, वाहन चालक फरार
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में NH-39 पर एक और सड़क हादसे ने इंसानियत को झकझोर दिया। शिक्षा महाविद्यालय बढ़ौरा के पास तेज़ रफ्तार अज्ञात बोलेरो वाहन ने साइकिल से जा रहे एक वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल वृद्ध को सेमरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब आधे घंटे में उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। वृद्ध सड़क किनारे साइकिल से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें चपेट में ले लिया और चालक मौके से फरार हो गया।
👉 सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान
हादसे के बाद अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की जांच भी कठिन हो गई है। हालांकि पहचान के लिए एक अहम सुराग सामने आया है—
मृतक के हाथ की दो उंगलियां नहीं थीं, जिसे पहचान की मुख्य कड़ी माना जा रहा है।

समाजसेवी ने निभाई मानवता की भूमिका
समाजसेवी प्रभात वर्मा ने बताया कि घायल वृद्ध को एक ऑटो की मदद से तत्काल सेमरिया अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटों के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस अलर्ट, बोलेरो की तलाश तेज
थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे में बोलेरो वाहन के शामिल होने की बात सामने आई है। वाहन चालक फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क के जरिए फोटो साझा किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहचान होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









