अवैध रेत परिवहन पर सख्ती: खनिज विभाग ने चार वाहन किए जब्त
सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न तहसीलों में सघन जांच अभियान चलाया।

प्रभारी खनि निरीक्षक कपिलमुनि शुक्ला और खनिज दल के नेतृत्व में कुसमी, मड़वास, मझौली और रामपुर नैकिन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखी गई। अभियान के दौरान 20 मार्च 2026 की देर रात कुसमी क्षेत्र के गोपद नदी के पास दो टाटा 407 वाहन (MP53GA2418 और MP53GA2226) को रोका गया। जांच में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को रेत सहित जब्त कर थाना कुसमी पुलिस को सौंप दिया गया।
इसी तरह मड़वास तहसील के कुसमी-भदौरा मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP53ZD0705) और एक हाईवा (MP53HA2184) को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर थाना मड़वास और टिकरी चौकी पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा गया।
खनिज विभाग ने सभी संबंधित वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






