Mp news : नदी में नहाने के लिए गई थी महिला मगरमच्छ ने बनाया उसे अपना शिकार हुई महिला की मौत
Mp news : मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक दर्दनाक और खौफनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। नोहटा थाना अंतर्गत कनिया घाट की ब्यारमा नदी में शुक्रवार की सुबह एक आदमखोर मगरमच्छ ने स्नान करने गई 40 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। मृतिका की पहचान मालती लोधी के रूप में हुई है, जो रोज़ की तरह नदी में स्नान करने गई थी।
Mp news : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालती जैसे ही नदी में उतरी, अचानक घात लगाकर बैठे मगरमच्छ ने हमला कर दिया और महिला को पानी में खींच ले गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
Mp news : सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने महिला का शव नदी से बरामद किया। मालती की मौत से न सिर्फ उसका परिवार, बल्कि पूरा गांव सदमे में है।
यह पहली बार नहीं है जब इस घाट पर मगरमच्छ ने हमला किया हो। पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में एक 9 वर्षीय मासूम बच्चे को मगरमच्छ ने अपना शिकार बनाया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि घाट क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए, वहां मगरमच्छों की संख्या का सर्वे हो और खतरनाक मगरमच्छों को हटाया जाए। वहीं वन विभाग का कहना है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है और घाट पर चेतावनी बोर्ड लगाने सहित सुरक्षा उपाय जल्द किए जाएंगे।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, और लोग अब नदी के पास जाने से भी डरने लगे हैं।