SIDHI NEWS.जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तितली में गुरुवार दोपहर आयोजित जनसभा के दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलेश्वर पटेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक तरफ लाडली बहनों को 1250 रुपए देने का ढिंढोरा पीटते हैं, वहीं दूसरी तरफ बिजली, गैस और रोजमर्रा के खर्चों के रूप में जीजा से 5000 तक वसूल रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है। आज कोई भी
परिवार 5000 रुपए से कम का बिजली बिल नहीं भर पा रहा। पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और खाद्य सामग्री की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो सोना दस साल पहले 10 हजार में मिलता था, आज उसकी कीमत 1,30,000 तक पहुंच गई है। कमलेश्वर पटेल ने कहा कि रिचार्ज पर 100 रुपए देने पर भी जनता को 20 रुपए टैक्स के रूप
में देना पड़ता है। सरकार इस टैक्स का उपयोग जनता के हित में नहीं बल्कि अपने खर्चों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार गरीबों और मध्यम वर्ग की नहीं बल्कि बड़े उद्योगपतियों की सरकार बन चुकी है।







