सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंका बैगा को दी श्रद्धांजलि, PVTG परिवारों को किया कंबल वितरण
सीधी जिले के ग्राम गांधीग्राम में आज एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री बंका बैगा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (PVTG) वर्ग के परिवारों को साल एवं कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का उत्थान और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सांसद ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवकुमार सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता श्री देवेंद्र त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष बरम्बाबा श्री सुबेदास यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंका बैगा के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ किया गया।







