Sidhi News:- सिरसी में 2.50 करोड़ की लागत से बनेगा 6-विस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
सीधी जिले की ग्राम पंचायत सिरसी में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित छह-विस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के उन्नयन एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीधी विधायक रीती पाठक उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने की।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रीती पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प को आधार बनाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। नए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि सिरसी में बनने वाला यह छह-विस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। इससे ग्रामीणों को समय पर उपचार मिलेगा और गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर शहरों की ओर न जाना पड़े।
Sidhi News:- कार्यक्रम में जनपद सदस्य दीपक पनिका, सरपंच छोटेलाल प्रजापति, मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. बबिता खरे, विश्वबंधु धर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने की बात कही।






