Bollywood News:- आखिर क्यों राजपाल यादव को करना पड़ा आत्मसमर्पण
Bollywood News:-बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। यह कार्रवाई चेक बाउंस से जुड़े मामलों में उन्हें मिली सज़ा के सिलसिले में हुई है। हाई कोर्ट ने स्पष्ट आदेश देते हुए कहा था कि अभिनेता को बिना किसी देरी के जेल में आत्मसमर्पण करना होगा और पेशे या फिल्मी पहचान के आधार पर किसी तरह की विशेष छूट नहीं दी जा सकती।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, राजपाल यादव ने गुरुवार शाम लगभग चार बजे तिहाड़ जेल पहुंचकर जेल अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया। जेल प्रशासन ने बताया कि आगे की सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं जेल मैन्युअल के अनुसार पूरी की जाएंगी।
इससे पहले 2 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति स्वर्णा कांता शर्मा ने अभिनेता को 4 फरवरी तक आत्मसमर्पण करने का समय दिया था। हालांकि तय समयसीमा तक आदेश का पालन न होने पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी करना कानून के प्रति असम्मान को दर्शाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि आत्मसमर्पण किए बिना मामले में आगे कोई सुनवाई नहीं होगी।
Bollywood News:- गौरतलब है कि यह मामला निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 138 के तहत दर्ज है। इस कानून के तहत यदि खाते में पर्याप्त राशि न होने या अन्य कारणों से चेक बाउंस होता है और तय अवधि में भुगतान नहीं किया जाता, तो दोषी को दो साल तक की सजा या चेक राशि के दोगुने तक जुर्माने का प्रावधान है।







