एसडीएम, एसडीओपी एवं डीईओ ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, कड़ी सुरक्षा में बोर्ड परीक्षाएं शुरू
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा संचालित हाई स्कूल एवं हाई सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से प्रारंभ हो गईं। प्रथम दिवस हाई सेकेंडरी की अंग्रेजी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
Mp News:- विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछोर विकासखंड में हाई सेकेंडरी के 9 एवं हाई स्कूल के 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देश पर विभिन्न निरीक्षण दल गठित किए गए हैं।
परीक्षा के दौरान एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य, एसडीओपी श्री प्रशांत शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक श्रीवास्तव एवं थाना प्रभारी श्रीमती नीतू सिंह ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती की समीक्षा की।
हाई सेकेंडरी अंग्रेजी परीक्षा में कुल 1643 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1611 उपस्थित रहे, जबकि 32 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। कहीं से भी नकल या अन्य अनियमितता की सूचना नहीं मिली।
Mp News:- बताया गया कि हाई सेकेंडरी परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च तक तथा हाई स्कूल परीक्षाएं 17 फरवरी से 6 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में आयोजित की जाएंगी।






