Budget Session:- बजट सत्र में गतिरोध बरकरार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ नोटिस पर सियासी हलचल तेज
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। बजट पेश किए जाने के बाद से अब तक सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पाई है। लगातार हंगामे और नारेबाजी के चलते कई बार लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी है।
इसी बीच विपक्षी दलों ने बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा महासचिव को एक नोटिस सौंपा है, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने की मांग की गई है। इस नोटिस के बाद संसद के राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है।
Budget session:- सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस नोटिस पर अंतिम निर्णय होने तक लोकसभा की कार्यवाही में न जाने का फैसला किया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विपक्ष का आरोप है कि सदन की कार्यवाही के दौरान उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष पर सदन को बाधित करने का आरोप लगा रहा है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान बना यह गतिरोध संसद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की नजरें इस नोटिस पर होने वाले फैसले और आगामी राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।






