डबरा में नवग्रह मंदिर कार्यक्रम में भगदड़, बुजुर्ग महिला की मौत, 8 घायल
डबरा (ग्वालियर)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार दोपहर कलश यात्रा शुरू होने से पहले अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 70 वर्षीय रति साहू की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे ग्वालियर रेफर किया गया है।
Dabra stampede:- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कलश यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को कलश वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान स्टेडियम का एंट्री गेट अचानक खोल दिया गया, जिससे बाहर खड़ी भारी भीड़ बेकाबू होकर अंदर की ओर दौड़ पड़ी। अफरा-तफरी में कई महिलाएं एक-दूसरे पर गिर गईं और कुछ लोग भीड़ में कुचल गए।
मृतका की बहू ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर भीड़ नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। साथ ही आरोप लगाया गया कि घायल रति साहू को अस्पताल में इलाज के दौरान ऑक्सीजन के लिए करीब 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत कलश यात्रा दोपहर 1 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर जमा हो गई थीं। इसके बावजूद प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नहीं रही। प्रशासन की ओर से करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती का दावा किया गया, लेकिन घटना के समय मौके पर बहुत कम पुलिसकर्मी मौजूद बताए जा रहे हैं।
Dabra stampede:- हादसे के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान और डीआईजी अमित सांघी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू करने की जानकारी दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






