धूल की चादर में घिरा रघुनाथपुर, अल्ट्राटेक के खिलाफ रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों का धरना
सीधी। रामपुर नैकिन तहसील के ग्राम रघुनाथपुर में अल्ट्राटेक सीमेंट फै्ट्री मझिगंवा द्वारा किए जा रहे क्लिंकर के अनियमित परिवहन और भंडारण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार दोपहर 1 बजे से रेलवे स्टेशन रघुनाथपुर (बघवार) परिसर में किसान और ग्रामीण धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। खबर लिखे जाने तक न तो रेलवे विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा था और न ही कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिनिधि सामने आया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्लिंकर का खुले में परिवहन, भंडारण और रेलवे बोगियों में लोडिंग की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में चूना पत्थर की महीन धूल फैल रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि दिन में खाना-पीना तक मुश्किल हो गया है। रात में सांस लेने में दिक्कत होती है और सुबह घर के बाहर निकलते ही आंखों में धूल भर जाती है।
Sidhi News:- मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी ने बताया कि आंदोलन रेलवे स्टेशन परिसर में हो रहा है, जो जीआरपी के कार्यक्षेत्र में आता है। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
मामले को लेकर अधिवक्ता अंबुज पांडे ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ग्रामीण लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी।
Sidhi News:- फिलहाल रघुनाथपुर के ग्रामीण प्रदूषण से राहत और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्मेदार विभाग और कंपनी प्रबंधन कब तक इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाते हैं।






