अभियान मुस्कान’ के तहत अगवा नाबालिग किशोरी सुरक्षित बरामद, आरोपी गिरफ्तार सेमरिया में बंधक बनाकर पत्नी की तरह रख रहा था आरोपी, जमोड़ी पुलिस की तत्परता से बची किशोरी
सीधी | संवाददाता
AI PHOTO
नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सीधी जिले की जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अगवा की गई एक नाबालिग किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना जमोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जमोड़ी क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के अचानक लापता होने की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और ग्राम सेमरिया में उसे बंधक बनाकर पत्नी की तरह रख रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सेमरिया में दबिश देकर किशोरी को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, उनि. वर्षा यादव, आरक्षक के.पी. सिंह एवं महिला आरक्षक कृति त्रिपाठी की इस ऑपरेशन में सराहनीय भूमिका रही।
अभियान मुस्कान’ के तहत पुलिस की यह कार्रवाई न केवल संवेदनशीलता बल्कि त्वरित कार्रवाई का भी उदाहरण है।






