सीधी कलेक्टर ने रामपुर नैकिन क्षेत्र का किया निरीक्षण, चौपालों में सुनीं जनसमस्याएं अधिकारियों को कलेक्टर का स्पष्ट निर्देश- आमजन की समस्याओं के प्रति रहें संवेदनशील
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने 10 एवं 11 अप्रैल को रामपुर नैकिन क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों, शासकीय संस्थानों एवं जनसमस्याओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन एवं सिविल अस्पताल के कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आमजन से सीधे संवाद कर उनके आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में आयोजित रात्रिकालीन चौपाल में 89 आवेदनों तथा ग्राम पंचायत चोरगड़ी में आयोजित चौपाल में लगभग 72 आवेदनों पर देर रात तक सुनवाई की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित ग्राम सभाओं में भाग लेने, बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराने, किसानों को पशुपालन एवं मत्स्य पालन अपनाने तथा नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया।
11 अप्रैल को ग्राम पंचायत भरतपुर में स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित हथकरघा इकाई का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता एवं विपणन सुधारने के सुझाव दिए। ग्राम पंचायत चंदरेह में प्राचीन शिव मंदिर का भ्रमण कर क्षेत्रीय विरासत का अवलोकन किया। चंदरेह में निर्मित स्टेडियम को उपयोग में लाने के लिए ‘सीधी प्रीमियम लीग’ आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ग्राम पंचायत गुजरेड़ में पंचायत भवन, उचित मूल्य दुकान एवं तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत पोस्ता में आयोजित इंटीग्रेटेड हेल्थ कैम्प “हेल्थ प्लस” का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने एक्स-रे, गर्भवती महिलाओं की जांच, एचपीवी टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। शिविर में कुल 181 आवेदनों की सुनवाई के साथ ही 923 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 307 ओपीडी जांच, 92 शुगर, 84 बीपी, 55 एक्स-रे, 52 टीबी, 44 सिकल सेल, 22 एचपीवी टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने के निर्देश भी दिए।






