लापरवाही पर कड़ा एक्शन: चौफाल उपार्जन केंद्र प्रभारी निलंबित, किसानों के नुकसान की होगी भरपाई

सीधी।
जिले के चौफाल स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र पर औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर के निरीक्षण में पाया गया कि खरीदा गया गेहूं खुले में पड़ा था, जिससे बारिश और नमी के कारण भारी मात्रा में अनाज खराब हो गया।
यह स्थिति किसानों के हितों के साथ गंभीर खिलवाड़ मानी गई। जांच में यह भी सामने आया कि सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी व्यवस्थाएं नहीं की गई थीं, जबकि पहले से स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे। इसके बावजूद केंद्र स्तर पर कोई सुधार नहीं किया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र प्रभारी शैलेन्द्र सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों को हुए नुकसान की भरपाई संबंधित प्रभारी से कराने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान माटा गेहूं खरीदी केंद्र में भी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं, जहां कलेक्टर को खुद त्रिपाल लगवाते देखा गया।
कलेक्टर ने जिले के सभी उपार्जन केंद्रों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देश दिए हैं कि गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए तत्काल आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए और किसानों के हित सुरक्षित रह सकें।







