सेमरिया में मेडिकल स्टोर पर प्रशासन का बड़ा छापा: अमानक और एक्सपायरी दवाएं मिलीं, दुकान सील, झोलाछाप डॉक्टर पर भी कार्रवाई

सीधी जिले के सेमरिया बाजार में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर में अमानक (सब-स्टैंडर्ड) और एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने के साथ ही अवैध रूप से इलाज किए जाने का मामला भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सेमरिया बाजार स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट की दवाएं एवं अन्य संदिग्ध दवाएं पाई गईं। इसके अलावा यह भी पाया गया कि मेडिकल स्टोर में एक व्यक्ति झोलाछाप डॉक्टर के रूप में रहकर मरीजों का इलाज कर रहा था तथा उन्हें दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन भी दे रहा था, जो नियमों के विपरीत है।
बीएमओ डॉ. शिवेंद्र पटेल ने बताया कि विभाग को लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि क्षेत्र में अवैध रूप से दवाओं की बिक्री की जा रही है और बिना किसी वैध अनुमति के मरीजों का उपचार भी किया जा रहा है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की गई।
जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से श्रीराम मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई दवाओं की जांच कराई जाएगी तथा संबंधित संचालक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जैसे ही प्रशासनिक टीम बाजार में कार्रवाई करने पहुंची, पूरे सेमरिया बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए, जबकि श्रीराम मेडिकल स्टोर के संचालक राकेश गुप्ता कार्रवाई की भनक लगते ही दुकान छोड़कर फरार होने की फिराक में था लेकिन पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों, झोलाछाप डॉक्टरों और नियम विरुद्ध दवा बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विंध्य आवाज सीधी से/ मनोज शुक्ला






