तहसील पर पैसा लेकर स्टे देने का आरोप सुविधा शुल्क के बिना नहीं होता सीमांकन
भ्रष्टाचार की इबारत लिख रहे हैं तहसीलदार रामपुर नैकिन
सीधी। कलेक्टर गांव -गांव जाकर गरीब और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने में जुटे हैं तो वहीं तहसील रामपुर नैकिन के तहसीलदार आम जनता और गरीबों से सीमांकन,बटवारा, वारिसाना के नाम पर खुलेआम पैसा वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं पैसे के दम पर कोई भी व्यक्ति तहसीलदार से स्थगन ले सकता है और स्थगन आदेश निरस्त करा सकता है। तहसीलदार रामपुर नैकिन के द्वारा खसरा नंबर 175 में विश्वनाथ साहू भरतपुर के अवैध अतिक्रमण करने पर 20 फरवरी 2026 को स्थगन देकर दोनों पक्षों को जबाब देने का समय 18 मार्च 2026 को दिये थे। किन्तु तहसीलदार ने बिना जबाब आये ही तय तारीख के पूर्व ही स्थगन आदेश निरस्त कर दिया।
उसके बाद पुनः खसरा नंबर 175 एवं 177 पर विश्वनाथ साहू के द्वारा किये जा रहे अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाते हुए 3 जून 2026 को स्थगन आदेश जारी कर दिये। अब आज दिनांक 14 जून को स्वयं मौका निरीक्षण करने गये और अवैध अतिक्रमण कर्ता विश्वनाथ साहू के घर पर बैठ कर चाय नस्ता करते रहे और फिर फरियादी को स्थगन आदेश निरस्त करने की धमकी देने लगें। जब फरियादी संतोष पाण्डेय ने तहसीलदार रामपुर नैकिन से कहा कि साहब सीमा मिलाकर सीमांकन करायें। तब तहसीलदार ने कहा कि मैं आपका आदेश मानने नहीं आया हूं आप चाहें संतुष्ट रहे या असंतुष्ट मुझे जो करना है वहीं करूंगा। एक ही खसरा नंबर पर बार -बार स्थगन देना यह कौन सा नियम है पर सुविधा शुल्क के चक्कर में तहसीलदार रामपुर नैकिन स्थगन देने और निरस्त करने का खेल खेल रहे हैं और आम जनता को परेशान किये है।
हमें इसकी जानकारी नहीं थी। अगर ऐसा है तो मैं अभी तहसीलदार रामपुर नैकिन से बात करता हूं। आम जनता को न्याय मिले और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान हो इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। विकास आनंदएसडीएम चुरहट
अवैध अतिक्रमण को दे रहे हैं बढ़ावा –
तहसीलदार रामपुर नैकिन शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण को हटाने के बजाय अतिक्रमण कर्ता से सुविधा शुल्क लेकर उसको खुलेआम संरक्षण दे रहे हैं। तहसील रामपुर नैकिन के अन्तर्गत ग्राम पंचायत भरतपुर परिसर की शासकीय भूमि पर विश्वनाथ साहू पिता जमुना साहू के द्वारा अवैध अतिक्रमण वर्षो से किया हुआ है। जिस पर एसडीएम चुरहट के द्वारा तहसीलदार रामपुर नैकिन को अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे किन्तु तहसीलदार अतिक्रमण हटाने के बजाय अतिक्रमण कर्ता को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। अभी हालहि में शासकीय भूमि पर नगर परिषद रामपुर नैकिन में अवैध अतिक्रमण करने वाले गुप्ता परिवार से लाखों का सौदा कर उसको अतिक्रमण करने की खुली छूट दे दी है। तहसीलदार रामपुर नैकिन अवैध अतिक्रमण की जांच करने व सीमांकन करने जाते हैं और अवैध अतिक्रमण कर्ता से सुविधा शुल्क लेकर उसके हिसाब से फैसला करते हैं।
तहसीलदार रामपुर नैकिन अशीष मिश्रा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की बजाय अतिक्रमण कर्ता को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। ग्राम पंचायत भरतपुर परिसर की शासकीय भूमि पर विश्वनाथ साहू पिता जमुना साहू अवैध अतिक्रमण किये हुए हैं। एसडीएम चुरहट के द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश के बाद भी तहसीलदार रामपुर नैकिन अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं।
-वसुधा सिंह सरपंच ग्राम पंचायत भरतपुर
तहसीलदार रामपुर नैकिन पहले स्थगन देते हैं और फिर निरस्त कर देते हैं । फिर वही भूमि पर पुनः स्थगन ले लेते हैं और फिर सुविधा शुल्क लेकर से स्थगन आदेश निरस्त कर देते हैं। तहसील रामपुर नैकिन में खुलेआम पैसा लेकर स्टे देने और स्टे निरस्त करने का खेल खुलेआम हो रहा है।
सीमा पाण्डेय
जनपद सदस्य भरतपुर






