सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र से इंसानियत और संवेदनशील पुलिसिंग की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
सीधी/विंध्य की आवाज/कुबेर तोमर
झारखंड से भटककर लगभग 6 से 7 वर्ष की एक मासूम बच्ची मड़वास पहुंच गई थी। अनजान जगह और अपनों से बिछड़ी बच्ची को देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मड़वास पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने बेहद संवेदनशीलता के साथ बच्ची से बातचीत कर उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद थाने के माध्यम से बच्ची के परिवार तक सूचना पहुंचाई गई।
परिजनों के आने तक बच्ची की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी पुलिस ने पूरी मानवता के साथ निभाई। बच्ची को सुरक्षित रूप से एक गुप्ता परिवार के यहां रखा गया, जहां उसका पूरा ध्यान रखा गया।
आज जब परिजन मड़वास पहुंचे, तब पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मासूम बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

अपनों से बिछड़ी बच्ची को परिवार से मिलाने में मड़वास पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया है।
थाना प्रभारी अतर सिंह की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।