भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, अब सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

सीधी/ विंध्य की आवाज /कुबेर तोमर
जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, आई.सी.एस.ई., सी.बी.एस.ई., माध्यमिक शिक्षा मंडल, अनुदान प्राप्त एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए आगामी आदेश तक विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था जिले के सभी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगी।
हालांकि, परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही किया जाएगा। वहीं मूल्यांकन कार्य भी अपने पूर्व निर्धारित समय पर यथावत जारी रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अभिभावकों और शिक्षकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में बताया है।






