होम अपना प्रदेश नेशनल न्यूज फैशन क्राइम न्यूज बिजनेस लाइफ स्टाइल ऑटो
---विज्ञापन---

सीधी की छूहिया घाटी में भीषण आग: 3 दिनों से धधक रहा पहाड़, बेजुबानों की जिंदगी खतरे में 

अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की दहलीज तक पहुंची आग, ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका सीधी। सीधी जिले की प्रसिद्ध छूहिया घाटी इन दिनों भीषण आग की चपेट में है। पिछले तीन दिनों से ...

Published

अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की दहलीज तक पहुंची आग, ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका

सीधी।

सीधी जिले की प्रसिद्ध छूहिया घाटी इन दिनों भीषण आग की चपेट में है। पिछले तीन दिनों से लगातार धधक रही इस आग ने पूरे पहाड़ी क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। सीधी और रीवा की पहचान मानी जाने वाली यह विशाल घाटी अब धीरे-धीरे राख में तब्दील होती नजर आ रही है।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग अब अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की दहलीज तक पहुंच चुकी है, जहां मजदूरों के रिहायशी मकान भी बने हुए हैं। इसके बावजूद न तो फायर ब्रिगेड की कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे रही है और न ही फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल सामने आई है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि पहाड़ को बंजर बनाने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल को आग के हवाले कर भविष्य में सीमेंट फैक्ट्री विस्तार के लिए जमीन तैयार की जा रही है।

इस भीषण आग में हजारों पेड़-पौधे जलकर खाक हो चुके हैं। वन्यजीवों और बेजुबान पशु-पक्षियों का जीवन संकट में पड़ गया है। जान बचाने के लिए कई पशु-पक्षी बस्तियों की ओर भाग रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भी भय का माहौल है।

प्रशासन की चुप्पी और निष्क्रियता को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड, वन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई करे, साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।