होम अपना प्रदेश नेशनल न्यूज फैशन क्राइम न्यूज बिजनेस लाइफ स्टाइल ऑटो
---विज्ञापन---

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

सीधी में कलेक्टर का निरीक्षण, चेक डैम से स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यवस्थाओं की समीक्षा विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर ने दिए सख्त दिशा-निर्देश कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने रविवार को जनपद ...

Published

सीधी में कलेक्टर का निरीक्षण, चेक डैम से स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यवस्थाओं की समीक्षा

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर ने दिए सख्त दिशा-निर्देश


कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने रविवार को जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्ता, समय-सीमा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया, वहीं लापरवाही पर सख्त नाराजगी भी व्यक्त की।

खेत तालाब से आय वृद्धि के उपाय बताए

ग्राम पंचायत पनवार बघेलान में श्री नारायण सिंह के खेत तालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मत्स्य विभाग की मदद से वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन करने की सलाह दी। साथ ही कृषि विभाग के सहयोग से तालाब की मेढ़ की साफ-सफाई, अरहर की फसल लगाने तथा पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से ऋण स्वीकृत कराकर दुधारू पशु क्रय करने के लिए हितग्राही को प्रेरित किया, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।

जल संरक्षण संरचनाओं के रखरखाव पर जोर

ग्राम पंचायत पनवार चौहान टोला में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत साफ-सफाई बनाए रखने एवं नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जल संरक्षण के प्रयासों का बेहतर परिणाम मिल सके।

आवास एवं सामुदायिक भवन निर्माण की गुणवत्ता पर फोकस

ग्राम पंचायत झगरहा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने हितग्राही को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर सरपंच श्रीमती निशा पाण्डेय को स्वयं पहल कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने तथा तकनीकी अमले को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पंचायत भवन के उत्कृष्ट निर्माण पर सराहना

ग्राम पंचायत झगरहा में नवनिर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए सरपंच की सराहना की और इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

स्वास्थ्य केंद्र में अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं स्टाफ की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका, सहायक यंत्री रामाश्रय पटेल, राजस्व निरीक्षक महेश कुमार शुक्ला एवं उपयंत्री श्रीमती पूजा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।