काम पूरा, भुगतान अधूरा! मजदूरी के लिए दर-दर भटक रहे श्रमिक, ग्राम पंचायत ऐठी पर भुगतान रोकने के गंभीर आरोप


विंध्य की आवाज/कुबेर तोमर
सीधी।जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत ऐठी में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी मजदूरी भुगतान अटक जाने का गंभीर मामला सामने आया है। शांति धाम पहुंच मार्ग P.C.C. सड़क एवं चबूतरा फिसिंग योजना (5 वें वित्त) के तहत कराए गए निर्माण कार्य का भुगतान अब तक नहीं होने से श्रमिकों और कार्य कराने वाले व्यक्ति दोनों पर संकट गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा यह निर्माण कार्य रमेश सिंह चौहान को सौंपा गया था। रमेश सिंह का कहना है कि उन्होंने पंचायत के निर्देशानुसार पूरा कार्य समय पर और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा कर दिया, लेकिन जब भुगतान की बारी आई तो पंचायत एजेंसी द्वारा लगातार टालमटोल शुरू कर दी गई।
बताया गया कि इस निर्माण कार्य की कुल स्वीकृत राशि लगभग 5 लाख 8 हजार रुपये थी। कार्य पूर्ण होने के बाद अब मजदूर अपनी मेहनताना राशि की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रहे हैं, लेकिन पंचायत से भुगतान न मिलने के कारण रमेश सिंह स्वयं मजदूरों को भुगतान करने में असमर्थ हैं। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई है और उन्हें आर्थिक के साथ-साथ मानसिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ रही है।
रमेश सिंह ने आरोप लगाया कि वे ग्राम पंचायत ऐठी में मेट पद पर पदस्थ हैं, लेकिन सरपंच और सचिव द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत जिला पंचायत CEO और जिला कलेक्टर से भी की है, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब काम पूरा हो चुका है, तो आखिर मजदूरों की मेहनत की कमाई क्यों रोकी जा रही है? पंचायत स्तर पर यह लापरवाही है या फिर कोई बड़ा खेल?
रमेश सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि मजदूरों को उनका हक मिल सके और वे इस गंभीर मानसिक तनाव से बाहर निकल सकें।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक चुप्पी साधे रहता है, या फिर मजदूरों की मेहनत का पैसा उन्हें समय पर मिल पाएगा।






